जयपुर। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के बीच राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम आदमी की चिंता और बढ़ा दी है। सोमवार को प्रदेशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी की गई। राजधानी जयपुर में पेट्रोल 2.82 रुपए और डीजल 2.73 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया। इसके बाद जयपुर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 112.66 रुपए और डीजल 97.78 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव शशांक कोरानी के अनुसार मई महीने में यह चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। 15 मई से अब तक पेट्रोल करीब 8 रुपए और डीजल 7.5 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल में करीब 3.25 रुपए और डीजल में 3.02 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 और 23 मई को भी दाम बढ़े थे।
खाड़ी तनाव और क्रूड ऑयल की तेजी बना कारण
विशेषज्ञों के मुताबिक ईरान-अमेरिका तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के बाद कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए दाम बढ़ाए हैं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगा हो सकता है।
आम आदमी पर बढ़ेगी महंगाई की मार
ईंधन महंगा होने का असर अब रोजमर्रा की जरूरतों पर भी दिखाई देगा। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से फल, सब्जियां, राशन और डेयरी उत्पाद महंगे हो सकते हैं। किसानों को ट्रैक्टर और सिंचाई पंप चलाने में ज्यादा खर्च उठाना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत बढ़ेगी। वहीं बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी की आशंका है।
विपक्ष ने राज्य सरकार से वैट कम करने की मांग की है। उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भी महंगा
ईंधन के साथ-साथ व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। मई की शुरुआत में 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम करीब 993 रुपए तक बढ़ाए गए थे। फिलहाल राजस्थान में कॉमर्शियल सिलेंडर 3099 रुपए में मिल रहा है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
जयपुर सहित प्रमुख शहरों में नई कीमतें
राजधानी जयपुर के अलावा कोटा, अजमेर, सीकर, उदयपुर और जोधपुर में भी पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 2.7 से 2.8 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ऐसे तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम
देश में ईंधन की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत और डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति के आधार पर तय होती हैं। इसमें रिफाइनिंग लागत, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकार का वैट शामिल होता है। राज्यवार वैट अलग होने के कारण अलग-अलग शहरों में कीमतों में अंतर देखने को मिलता है।



















