जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के पार्सलों की दिनदहाड़े लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1135 पार्सल और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। बरामद माल की कीमत करीब चार लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि 7 मई 2026 को परिवादी दिलीप मौर्य ने सांगानेर सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह कंपनी के पार्सल लेकर मदरामपुरा स्थित वेयरहाउस जा रहा था।
इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार अनिल चौधरी और उसके साथियों ने रास्ते में उसे रोक लिया। आरोपियों ने दिलीप का अपहरण कर उसे रिंग रोड स्थित सीतारामपुरा टोल प्लाजा के पास ले गए और वाहन में रखे 1386 पार्सल, मोबाइल फोन और गाड़ी की बैटरी लूटकर फरार हो गए।
वहीं इस घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और एसीपी चाकसू भवानी सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी अनिल जैमनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल चौधरी (24) निवासी देवपुरा, फागी और रामप्रसाद जाट (31) निवासी देवपुरा, फागी शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अनिल चौधरी पहले इसी ऑनलाइन कंपनी में पार्सल डिलीवरी का काम करता था। उसे कंपनी के रूट और कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी थी।
पुलिस के अनुसार अनिल को लग्जरी लाइफ जीने का शौक था, लेकिन कम सैलरी के कारण उसके खर्च पूरे नहीं हो रहे थे। इसी वजह से उसने साथी रामप्रसाद और फरार आरोपी रोहित देवन्दा को मोटी कमाई का लालच देकर लूट की साजिश रची।
पुलिस ने आरोपियों से कुर्तियां और बेडशीट सहित 1135 पार्सल बरामद कर लिए हैं। फिलहाल फरार आरोपी रोहित देवन्दा की तलाश जारी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।



















