गत्ता गोदाम में भीषण आग: कई शहरों से पहुंचीं दमकलें

0
51

कोटपूतली। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 स्थित मोलाहेड़ा गांव के पास बुधवार शाम एक गत्ता गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरा गोदाम धू-धू कर जल उठा और आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग लगने के कुछ देर बाद तेज आंधी चलने लगी, जिससे लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।

सूचना मिलते ही नीमराणा, बहरोड़, पावटा, बानसूर और शाहपुरा सहित आसपास के कई क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन तेज हवाओं और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग बार-बार भड़कती रही।

नीमराणा दमकल प्रभारी मेघराज ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर भेज दिए गए थे। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी गई और हाईवे पर यातायात नियंत्रित किया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल आग से किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपए का गत्ता और अन्य सामान जलकर राख हो गया। देर रात तक दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी रहीं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here