जयपुर। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार स्थित ‘तंवर जी का नोहरा’ के शिव शक्ति हनुमान मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया गया। मंदिर के महंत पंडित दिनेश शर्मा के सान्निध्य में भगवान शिव का अत्यंत मनमोहक श्रृंगार किया गया।
गंगा दशहरा के महत्व को दर्शाते हुए विशेष रूप से पुष्पों के माध्यम से महादेव के शीश पर मां गंगा को धारण किए हुए अलौकिक रूप को जीवंत किया गया। शिव जी के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
विशेष झांकी और श्रृंगार के बाद मंदिर परिसर में भक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ और मां गंगा की सामूहिक महाआरती की गई। पूरी संध्या ‘हर-हर महादेव’ और ‘गंगा मैया की जय’ के जयकारों से गुंजायमान रही। आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष प्रसाद का वितरण किया गया।



















