जयपुर। ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाज़ार (जीआईटीबी) के 15वें संस्करण के दूसरे दिन सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जे ई सी सी) में एग्जीबिशन का उद्घाटन राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों, होटल समूहों, टूर ऑपरेटर्स और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के स्टॉल्स का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के सचिव भुवनेश कुमार, पर्यटन सचिव शुचि त्यागी, आयुक्त रुक्मणी रियार, फ़ीक्की से जुड़ी डॉ. ज्योत्सना सूरी सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। एग्जीबिशन में हेरिटेज, वेलनेस, स्पिरिचुअल, वाइल्डलाइफ व अनुभव-आधारित पर्यटन उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
आयोजन में 50 से अधिक देशों के 195+ विदेशी टूर ऑपरेटर्स भाग ले रहे हैं और 10 हजार से अधिक बी2बी मीटिंग्स हो रही हैं। राजस्थान सहित ओडिशा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ व पंजाब के पवेलियन आकर्षण का केंद्र हैं।
इसी अवसर पर ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन हुआ, जिसमें फिक्की व राजस्थान पर्यटन ने कुल 40 पुरस्कार दिए। MakeMyTrip, टीबीओ टेक और कॉर्डेलिया क्रूज़ेज़ प्रमुख विजेता रहे। होटल श्रेणी में सूर्यगढ़ जैसलमेर, The St. Regis Goa Resort, The Oberoi Gurgaon और रामबाग पैलेस जयपुर को सम्मान मिला।
राजस्थान श्रेणी में The Oberoi Udaivilas Udaipur (विजेता) व Fairmont Jaipur (उपविजेता) सहित कई संस्थान सम्मानित हुए। जीआईटीबी का यह आयोजन पर्यटन क्षेत्र में निवेश, नेटवर्किंग और नए अवसरों को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच साबित हो रहा है।



















