गुरु रविदास जयंती वर्ष पर जयपुर में निकली भव्य कलश शोभायात्रा

0
26

जयपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 अगस्त को आयोजित होने वाले पवित्र रज कलश वंदन समारोह की पूर्व संध्या पर मंगलवार को राजधानी जयपुर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, अभियान संयोजक भूपेंद्र सैनी तथा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने ध्वज दिखाकर रवाना किया।

शोभायात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, नारायण मीणा, सीताराम पोसवाल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ तथा विधायक बाल मुकुंदाचार्य महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। भक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक आस्था से ओतप्रोत इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि शोभायात्रा विधानसभा के समीप स्थित मंडलेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर एसएमएस स्टेडियम स्थित खेलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुन, सुसज्जित बग्गियां तथा संत गुरु रविदास महाराज की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

भूपेंद्र सैनी ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यह अभियान सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के साथ समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक समावेश और राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here