जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मणिपाल यूनिवर्सिटी के छात्रों तक ओजी गांजा और सादा गांजा पहुंचाने वाले मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथी के पकड़े जाने के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उससे ड्रग सिंडिकेट और गांजे की सप्लाई चेन के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बगरू थाना पुलिस ने अनिक बनियाल को 3.74 ग्राम ओजी गांजा और 24.75 ग्राम सादा गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि अनिक अपने साथियों के माध्यम से मणिपाल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों और युवाओं को गांजा सप्लाई करता था।
पूछताछ के दौरान अनिक ने खुलासा किया कि उसे गांजा रामसिंहपुरा बेगस निवासी दौलत सिंह उपलब्ध कराता था। अनिक की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही मुख्य सप्लायर दौलत सिंह फरार हो गया।
पुलिस की गठित विशेष टीम ने दबिश देकर राजपूतों का मोहल्ला, रामसिंहपुरा बेगस निवासी 22 वर्षीय दौलत सिंह पुत्र हनुमान सिंह भाटी को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि दौलत सिंह के खिलाफ पहले से गांजा तस्करी के तीन और मारपीट के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से उसके नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और नशीले पदार्थों की सप्लाई के मुख्य स्रोतों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















