नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पांच माह बाद लखनऊ से गिरफ्तार

0
34

जयपुर। सेज थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने, मंदिर में जबरन शादी करने और दुष्कर्म करने के मामले में पांच माह से फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से मोबाइल सिम कार्ड भी तोड़कर फेंक दिए थे।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को पीड़िता के परिजनों ने सेज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनकी नाबालिग बेटी 29 जनवरी की सुबह घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों ने एक युवक से उसके संपर्क में होने की आशंका जताई थी।

इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी उदय सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर लगातार पांच माह तक तलाश की और अंततः लखनऊ से आरोपी तथा नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर लिया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बयान में बताया कि आरोपी प्रभाकर कुमार उर्फ रितिक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, मंदिर में जबरन शादी की और बाद में विभिन्न स्थानों पर किराए के मकानों में रखकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।

पुलिस ने आरोपी प्रभाकर कुमार उर्फ रितिक (24), निवासी मलहपुर, महमूदाबाद, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस आरोपी से उसके सहयोगियों, ठहरने के ठिकानों और वारदात में मदद करने वाले अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here