ठाकुरजी ने भरा छप्पन करोड़ का मायरा

0
30

जयपुर। मुरलीपुरा स्थित रामेश्वरधाम कॉलोनी के गौड़ विप्र समाज भवन में मंगलवार को आयोजित तीन दिवसीय नानी बाई रो मायरो कथा का श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन व्यासपीठ से कथावाचिका नीतू तिवाड़ी ने नानी बाई का मायरा भरने की मार्मिक कथा का भावपूर्ण वर्णन किया।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मुनीम का रूप धारण कर अपने परम भक्त नरसी मेहता की पुत्री नानी बाई का ऐसा मायरा भरने पहुंचे कि पूरा अंजार नगर आश्चर्यचकित रह गया। ठाकुरजी ने छप्पन करोड़ का मायरा भरते हुए स्वर्ण मुद्राओं की वर्षा कर नगरवासियों को भी धन-धान्य से समृद्ध कर दिया। इतना ही नहीं, इस दिव्य लीला का श्रेय भी अपने भक्त नरसी मेहता को दिया। भगवान की यह उदारता देखकर नरसी भगत भाव-विभोर होकर फूट-फूटकर रो पड़े।

कथा के दौरान श्री रामेश्वर धाम कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष अशोक साह, गिरधारी शर्मा, रूडमल बुनकर, सीताराम शर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पारंपरिक मायरा भरने की रस्म निभाई। कार्यक्रम के अंत में ऋषि राणा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रस्तुत कर्णप्रिय भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here