भाजपा शहर कार्यालय में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं को दिया विकास और संगठन का संदेश

0
51

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर कार्यालय में गुरुवार को केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यालय पहुंचने पर उनका ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ आत्मीय अभिनंदन किया गया।

भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने केंद्रीय मंत्री का साफा और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय रेल में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं और देशभर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशनों का निर्माण एवं पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में करीब 600 रेलवे स्टेशन हैं तथा राज्य सहित पूरे देश में रेलवे अधोसंरचना को आधुनिक बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

उन्होंने डिजिटल इंडिया, वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना, आधारभूत संरचना विकास, गरीब कल्याण कार्यक्रमों तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश में संचालित विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

वैष्णव ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण भागीदार है। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है। उन्होंने संगठन की मजबूती, जनसेवा और विकास कार्यों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यालय परिसर में संगठनात्मक एकता और जोश का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here