जयपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम जयपुर की ओर से 15 जून से 15 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ के तहत शुक्रवार को किशनपोल जोन में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में जगतपुरा, झालाना-झोटवाड़ा, वैशाली नगर, आदर्श नगर और हवामहल-आमेर जोन के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा।
किशनपोल जोन में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 76 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 72 प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 15 आवेदन मिले, जिनमें से 10 लाभार्थियों को तुरंत ऋण स्वीकृत किया गया। जन-आधार से जुड़े 490 आवेदन प्राप्त हुए और सभी का मौके पर ही समाधान किया गया। इसके अलावा भवन निर्माण स्वीकृति, पट्टा, यूडी टैक्स, स्ट्रीट लाइट, सफाई, सीवरेज, सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और बिजली संबंधी मामलों का भी निस्तारण किया गया।
शिविर में रामगंज निवासी धन कंवर को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 50 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। उन्होंने बताया कि इस राशि से वह टिफिन सेंटर शुरू कर आत्मनिर्भर बनेंगी। वहीं, किशनपोल निवासी रजत अग्रवाल को त्रिपोलिया बाजार स्थित दुकान के निर्माण की स्वीकृति भी शिविर में ही प्रदान की गई। दोनों लाभार्थियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए नगर निगम और राज्य सरकार का आभार जताया।


















