जयपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और बल प्रयोग के विरोध में राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने गुरुवार शाम से विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा और पीड़ित विद्यार्थियों को न्याय दिलाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई भूख हड़ताल के बाद विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए। इस दौरान छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जंतर-मंतर पर हुई कार्रवाई का विरोध जताया।
भूख हड़ताल पर बैठे शुभम रेवाड़ ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप है कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पूरे देश के छात्र और युवा वर्ग के आत्मसम्मान पर हमला है।
रेवाड़ ने कहा कि जब तक पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिलता और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने देशभर के विद्यार्थियों से छात्र हितों की इस लड़ाई में एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान भी किया।
विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों और विद्यार्थियों ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए छात्र अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।



















