जयपुर। माणक चौक थाना पुलिस और जिला विशेष शाखा (डीएसटी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविंद देवजी मंदिर में आयोजित जया किशोरी की कथा के दौरान चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रही एक अंतरराज्यीय पंजाबी गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चैन काटने में इस्तेमाल होने वाला कटर और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास किया और इस दौरान कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस संबंध में उनके खिलाफ अलग से प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैंग के सदस्य भीड़भाड़ वाले धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों में मौका देखकर महिलाओं के गले से चेन काटकर फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में किरणदीप कौर (35) पत्नी राजिंदर सिंह निवासी बागरिया, मलेरकोटला, जिला संगरूर (पंजाब), रणवीर कौर पत्नी काला सिंह निवासी बाराइच पट्टी, थाना समाना, जिला पटियाला (पंजाब), परमजीत कौर पत्नी हरवंश सिंह निवासी मुरादपुर, थाना समाना, जिला पटियाला (पंजाब), बबली पत्नी विक्की निवासी धुरी, थाना धुरी सिटी (पंजाब) तथा गुलजिंदर सिंह पुत्र काला सिंह निवासी मुरादपुर, थाना समाना, जिला पटियाला (पंजाब) शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार किरणदीप कौर के खिलाफ 5, रणवीर कौर के खिलाफ 6, परमजीत कौर के खिलाफ 7, बबली के खिलाफ 1 तथा गुलजिंदर सिंह के खिलाफ 1 आपराधिक मामला दर्ज है। आरोपियों के विरुद्ध चोरी, लूट, मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और छीनाझपटी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैंग के सदस्य भीड़ में महिलाओं को निशाना बनाकर विशेष कटर की सहायता से सोने की चेन काट लेते थे। समय रहते कार्रवाई कर वारदात को टाल दिया गया। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनसे प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों में हुई कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।



















