जयपुर। राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर की ओर से महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए 13 और 14 अगस्त को भाटिया भवन में महिलाओं के हस्तनिर्मित घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के बहुरंगीय पोस्टर का विमोचन मानसरोवर के वरुण पथ स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर में परम पूज्य गणिनी आर्यिका 105 विभाश्री माताजी के मंगल सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों ने माताजी के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन लाला एवं प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को उनके हुनर और उत्पादों के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन लाला, प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा, मंत्री जिनेश कुमार जैन, जिला महामंत्री सुभाष बज, मीनाक्षी जैन, प्रियंका सोनी एवं सुनील गंगवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महासभा ने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पहल की है। स्वास्तिक एग्जीबिशन-हेल्थ डिवीजन में जैन समाज की महिलाओं को स्टॉल बुकिंग के निर्धारित शुल्क पर 50 प्रतिशत विशेष छूट दी जाएगी। इसके माध्यम से महिलाएं अपने हस्तनिर्मित उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित कर सकेंगी तथा संभावित ग्राहकों तक सीधे पहुंच बना सकेंगी।
आयोजन के प्राउड स्पॉन्सर मिस्टर रवि चाय हैं। उनकी ओर से महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की पहल में सहयोग दिया जा रहा है। राजस्थान जैन युवा महासभा के मंत्री तथा मिस्टर रवि चाय के प्रोपराइटर एवं ब्रांड ओनर जिनेश कुमार जैन ने कहा कि महिला शक्ति को आगे बढ़ाना समाज और देश की प्रगति के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाएं प्रदर्शनी से जुड़ें, अपने हुनर और उत्पादों को मंच दें तथा आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने जैन समाज की महिलाओं से प्रदर्शनी में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने और 50 प्रतिशत स्टॉल छूट का लाभ उठाने का आह्वान किया।



















