ज्वेलर्स से 35 लाख के गहने और नकदी की लूट, हमला कर बैग छीन ले गए बदमाश

0
56

जयपुर। खोरा बीसल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक ज्वेलर्स से करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार सवार चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और गहनों व नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार खोरा बीसल के नांगल लाड़ी गांव निवासी शंकर लाल शर्मा (45) की नांगल लाड़ी ग्रिड के पास ज्वेलरी की दुकान है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। दुकान से करीब 800 मीटर आगे पहुंचते ही पीछे से आई सफेद रंग की अल्टो कार ने उनकी बाइक के आगे कट मारकर रास्ता रोक लिया।

कार से उतरे चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने शंकर लाल पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हमले के बाद बदमाश उनके पास मौजूद गहनों और नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने घायल ज्वेलर की मदद कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही खोरा बीसल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शहरभर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। घायल ज्वेलर के भतीजे किशन शर्मा ने बताया कि बदमाशों के हमले में शंकर लाल के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं तथा दोनों हाथों में फ्रैक्चर होने की आशंका है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

परिजनों के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नकद थे। उनका कहना है कि बदमाशों ने पहले से रेकी करने के बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल खोरा बीसल थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here