चुनाव से पहले झुंझुनूं पुलिस ने की 20 लाख की अवैध शराब जब्त

0
42

जयपुर/झुंझुनूं। आगामी नगरीय निकाय चुनाव-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झुंझुनूं पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना पिलानी ने चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के 148 कार्टन और शराब परिवहन में प्रयुक्त बंद बॉडी पिकअप वाहन जब्त कर आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत एवं वृताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के सुपरविजन में थानाधिकारी अलका विश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मंड्रेला से पिलानी की ओर एक बंद बॉडी पिकअप में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मंड्रेला-पिलानी रोड पर नाकाबंदी की।

इस दौरान मंड्रेला की तरफ से आती संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। पिकअप के पिछले हिस्से में पुराने सोफा सेट और लोहे की अलमारी के पीछे छिपाकर 148 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब रखी गई थी। आरोपी के पास शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इस पर शराब और वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा आबकारी अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरियाणा सीमा से शराब लेकर राजस्थान के रास्ते गुजरात ले जा रहा था। पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए पिकअप के पिछले हिस्से में पुराने सोफा सेट और लोहे की अलमारी को गत्तों एवं टेप से इस तरह ढका गया था कि बाहर से वाहन में घरेलू सामान का परिवहन होता हुआ दिखाई दे। पुलिस अब आरोपी से शराब तस्करी के नेटवर्क, शराब की सप्लाई और इसके गंतव्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here