जयपुर। राजधानी जयपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार तड़के स्कूल संचालक रवि पहाड़िया से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई करीब 3 करोड़ रुपए की कथित विदेशी फंडिंग और उसके धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की शिकायत के आधार पर की गई।
ईडी की अलग-अलग टीमों ने झालाना स्थित आवास, निरंजन पब्लिक स्कूल सहित छह से अधिक ठिकानों पर एक साथ सर्च शुरू किया। बताया जा रहा है कि ईडी को शिकायत मिली थी कि रवि पहाड़िया को अमेरिका और यूरोपीय देशों से करीब 3 करोड़ रुपए की विदेशी फंडिंग प्राप्त हुई। एजेंसी इन पैसों के स्रोत और कथित इस्तेमाल की जांच कर रही है।
जांच के दौरान ईडी की टीम को इंटरनेट पर ‘चिल्ड्रन ऑफ होप स्कूल’ नाम से संचालित एक वेबसाइट की जानकारी मिली। एजेंसी अब इस वेबसाइट और निरंजन पब्लिक स्कूल के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है। विदेशी संस्थाओं से हुए वित्तीय लेन-देन और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों ने लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और विभिन्न दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। इनसे विदेशी फंडिंग, वित्तीय लेन-देन और कथित धर्मांतरण गतिविधियों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। रवि पहाड़िया की स्थानीय चर्च गतिविधियों में सक्रियता से जुड़े इनपुट की भी जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक ईडी की कार्रवाई जारी थी।


















