चोरी की बाइक से चेन-मोबाइल लूटने वाले दो बाल अपचारी निरुद्ध

0
34

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस और डीएसटी दक्षिण ने राहगीरों से चेन और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चोरी की मोटरसाइकिल, करीब दो तोले की सोने की चेन और लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि गत 12 अगस्त की रात महारानी फार्म, दुर्गापुरा निवासी 63 वर्षीय अशोक कुमार जैन के गले से बाइक सवार दो बदमाश करीब दो तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। पुलिस टीम के कांस्टेबल छोटूराम और देवेंद्र ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

संदिग्ध बाइक के नंबर को ट्रैक करने पर पता चला कि वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल झोटवाड़ा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को दोनों बाल अपचारियों को डिटेन कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की बाइक, सोने की चेन और दो मोबाइल बरामद किए गए।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों पहले कॉलोनियों से बाइक चोरी करते और फिर पॉश कॉलोनियों की गलियों व पार्कों के आसपास घूम कर अकेले महिला या पुरुष को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही चेन, पर्स या मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे।

पुलिस से बचने के लिए वारदात के बाद आरोपी काफी देर तक कॉलोनियों में घूमते रहते थे, जिससे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनका रूट तय करना मुश्किल हो। बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर उसे मौके पर छोड़कर पैदल या ऑटो से निकल जाते थे।

पुलिस के अनुसार दोनों बाल अपचारियों ने शिप्रापथ थाना क्षेत्र में एक सोने की चेन, एक पर्स और दो मोबाइल लूटने के अलावा नारायण विहार थाना क्षेत्र में भी वारदात करना स्वीकार किया है। कार्रवाई में कांस्टेबल छोटूराम और देवेंद्र की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here