जयपुर। राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर में बुधवार को मेगा टैलेंट हंट शो “कलादर्श 1.0” का भव्य आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद की चित्रकूट शाखा के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। शिविर संयोजिका व प्रधानाचार्या सुनयना नागपाल ने बताया कि टैलेंट हंट के तहत नृत्य, सुगम संगीत, फैशन शो, टी-शर्ट पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने विद्यालय के विजन की सराहना करते हुए कहा- आदर्श विद्या मंदिर की पहचान केवल उत्कृष्ट शिक्षा से नहीं, बल्कि ऐसे संस्कारित विद्यार्थियों से है जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाते हैं। यहाँ के पूर्व छात्र आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी नाम रोशन कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि सरदार अजय पाल सिंह ने कहा कि आज जहाँ परिवारों में विघटन हो रहा है और बच्चे विदेशों में जाकर माता-पिता को भूल जाते हैं, वहीं इस विद्यालय में सीबीएसई की अंग्रेजी शिक्षा के साथ-साथ ऐसे संस्कार दिए जाते हैं जिससे यहाँ के बच्चे देश के सर्वश्रेष्ठ नागरिक बनते हैं। पंचखंड पीठाधीश्वर सोमेन्द्र महाराज और रवि नय्यर ने भी उपस्थित होकर बालकों को अपना शुभाशीष प्रदान किया।
कलाकृतियों में दिखा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
महोत्सव के दौरान आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे चित्रकारों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से प्रकृति की अनुपम सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को बेहद सशक्त रूप से उकेरा। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने धरती के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और पर्यावरण को बचाने का एक प्रेरक संदेश दिया।
समन्वयिका वंदना मेहरोत्रा ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिसमें बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द डे के पविका चावला को 5,100 नकद पुरस्कार दिया गया, वहीं बेस्ट इमर्जिंग टैलेंट के लिए यश को 2,100 नकद पुरस्कार दिया गया। इसी के साथ त्रियंबिका चतुर्वेदी व इनाया (नृत्य), अध्या मोदी (सिंगिंग), प्रियांशु (टी-शर्ट पेंटिंग) और पर्ल सिंह (फैशन शो एवं पोस्टर मेकिंग) के लिए 1100 का नकद पुरस्कार दिया गया।
संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास हमारी प्राथमिकता
विद्यालय के सचिव संजीव भार्गव ने कहा कि आदर्श विद्या मंदिर केवल एक स्कूल नहीं, बल्कि संस्कार, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है। वहीं, डायरेक्टर डॉ. रीता भार्गव ने कहा कि यहाँ विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों के ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान सिखाया जाता है।
समारोह के निर्णायक मंडल में डॉ. रागिनी ईश्वर, मृणाल चौपड़ा, वंदना शेरावत, हनी सैन, दक्षिता सैन और मधु धमीजा शामिल थीं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेंद्र गुप्ता, प्रबंध समिति के सुनील गर्ग, राजेश बड़गुर्जर, अनिल लोढ़ा, राजीव गुप्ता (CA), पुष्कर उपाध्याय, तुलसी संगतानी, पं. राज शर्मा, कामेश जोशी, धर्मदत्त शर्मा और हरस्वरुप गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संयोजिका सुनयना नागपाल ने एक विशेष जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी शनिवार, 13 जून को शाम 7:00 बजे से आदर्श विद्या मंदिर के ऑडिटोरियम में एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सुप्रसिद्ध भजन गायक पंडित सुदेश शर्मा अपनी सुमधुर आवाज में भजनों की अमृत सरिता प्रवाहित करेंगे।



















