लैपटॉप- मोबाइल चुराने वाला गिरफ्तार

0
174
Laptop and Mobile Thief Arrested
Laptop and Mobile Thief Arrested

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, स्मार्ट वॉच और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 2 मई 2026 को परिवादी प्रिंस चौधरी ने रिपोर्ट दी थी कि उनके मकान (प्लॉट नंबर सी-967, शंकर कॉलोनी, न्यू लोहा मंडी रोड) से अज्ञात व्यक्ति लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, दो मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ले गया। इस पर हरमाड़ा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त आलोक सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान करते हुए गोविंद राय (19) निवासी विश्वकर्मा जयपुर हाल विद्याधर नगर को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मजदूरी और शादियों में कैटरिंग का काम करता है तथा नशे का आदी है। घटना के दिन वह काम की तलाश में घूमते हुए न्यू लोहा मंडी रोड पहुंचा। वहां एक मकान में मौका पाकर अंदर घुसा और बैग से लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, मोबाइल फोन व नकदी चोरी कर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी हरमाड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नकबजनी का जल्द खुलासा हो गया। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, राकेश कुमार, कांस्टेबल दयाराम और महेंद्र की भूमिका सराहनीय रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here