पानी और भोजन की तलाश में फिर आबादी इलाके में पहुंचा लेपर्ड

0
43
Leopard ventures into populated area once again in search of food and water.
Leopard ventures into populated area once again in search of food and water.

जयपुर। राजधानी के जगतपुरा क्षेत्र में एक बार फिर लेपर्ड की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई। पॉम कोर्ट कॉलोनी में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे लेपर्ड घूमता नजर आया। उसकी गतिविधियां कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं, जिसका वीडियो रविवार को सामने आया।

स्थानीय लोगों के अनुसार लेपर्ड काफी देर तक कॉलोनी के अंदरूनी हिस्सों में घूमता रहा। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग देर रात घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। वन विभाग के रेंजर जितेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नाइट पेट्रोलिंग टीम को सक्रिय कर दिया गया है तथा लेपर्ड को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल लेपर्ड द्वारा किसी व्यक्ति या मवेशी पर हमले की कोई घटना सामने नहीं आई है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

वन विभाग के अनुसार गर्मी के मौसम में पानी और भोजन की तलाश में लेपर्ड कई बार रिहायशी क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। जगतपुरा क्षेत्र झालाना वन क्षेत्र के नजदीक होने के कारण यहां लेपर्ड की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। इससे पहले भी आसपास के इलाकों में लेपर्ड की मूवमेंट देखी जा चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here