913 ग्राम अफीम के साथ मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार

0
42

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की विद्याधर नगर थाना पुलिस और कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 913 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशा सप्लाई में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी भी जब्त कर ली। फिलहाल आरोपितो से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत एवं सहायक पुलिस आयुक्त पन्नालाल जांगिड़ के निर्देशन में थानाधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।जहां रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ के बेगू क्षेत्र से दो युवक अफीम लाकर जयपुर में सप्लाई करने की फिराक में घूम रहे हैं।

इस पर पुलिस ने मंदिर मोड़ के आगे 16 नंबर बस स्टैंड रोड पर नाकाबंदी कर एक होंडा एक्टिवा को रुकवाया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से 913 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी कुणाल (19) निवासी पटेल नगर शास्त्री नगर तथा कैलाश मेघवंशी (29) निवासी अराई जिला अजमेर को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अफीम चित्तौड़गढ़ से लाना स्वीकार किया है। पुलिस अब सप्लायर और खरीददार नेटवर्क की जांच में जुटी है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक हरिराम, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार तथा कांस्टेबल श्यामलाल, दिनेश कुमार, महेश कुमार, महिपाल और सीएसटी के कांस्टेबल कृष्णपाल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here