जयपुर सेंट्रल जेल में फिर मिली प्रतिबंधित सामग्री

0
35
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail

जयपुर। राजधानी की हाई सिक्योरिटी जयपुर सेंट्रल जेल में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल परिसर से दो मोबाइल फोन, जर्दे की पुड़िया और बीड़ी के बंडल मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में जयपुर पुलिस के लाल कोठी थाने में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

लालकोठी थानाधिकारी प्रकाश राम ने बताया कि 16 मई को सेंट्रल जेल के उप कारापाल रमेश चंद की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार तलाशी के दौरान वार्ड नंबर-7 के पीछे जेल की मुख्य दीवार के पास खाकी टेप में लिपटा एक पार्सल मिला। पार्सल की तलाशी लेने पर उसमें जर्दे की 12 पुड़िया, बीड़ी के 15 बंडल, एक बिना सिम का मोबाइल फोन और चार्जिंग केबल बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि यह पार्सल जेल के बाहर से अंदर फेंका गया था।

थानाधिकारी ने बताया कि इसी दिन उप कारापाल रमेशचंद ने एक अन्य मामला भी दर्ज कराया। इसमें बताया गया कि वार्ड नंबर-9 की बैरक नंबर-4 के पीछे बने टॉयलेट के पास जमीन में दबा हुआ एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल में सिम नहीं मिली। जेल प्रशासन ने दोनों मोबाइल जब्त कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार जयपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल और अन्य प्रतिबंधित सामग्री मिलने का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2025 में भी जेल से कई बार मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। हाल के दिनों में ऐसे मामलों में कमी आई थी, लेकिन ताजा घटनाओं के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here