जयपुर। जयपुर पुलिस के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में रविवार को पत्थर की खदान में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक दोस्तों के साथ खदान में भरे पानी में नहाने गया था। तैरते समय सांस फूलने से वह गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाला।
सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अनुज (18) निवासी दांतली, शिवदासपुरा के रूप में हुई है। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह दो दोस्तों के साथ गांव स्थित पत्थर की खदान में नहाने गया था। अनुज को तैरना आता था, इसलिए वह पानी में उतर गया, जबकि उसके दोनों दोस्त किनारे पर बैठे रहे।
पुलिस के अनुसार अनुज तैरते हुए खदान के बीच तक पहुंच गया था। वापस लौटते समय अचानक उसकी सांस फूलने लगी और वह पानी में डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी।
दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्रारंभिक सर्च ऑपरेशन में युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीआरएफ की आठ सदस्यीय टीम ने दोपहर करीब 3 बजे सर्च अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद 100 फीट लंबी, 80 फीट चौड़ी और करीब 25 फीट गहरी खदान से युवक का शव बाहर निकाला गया। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरयूएचएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है।



















