रास्ता पूछने के बहाने व्यापारी को जंगल ले जाकर एक लाख की लूट करने वाला गिरफ्तार

0
56
Man arrested for robbing a trader of one lakh rupees.
Man arrested for robbing a trader of one lakh rupees.

जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में व्यापारी के साथ मारपीट कर एक लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोटा के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में उसके हिस्से के 7 हजार 500 रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले में शामिल अन्य 7-8 आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि घाट के बालाजी निवासी व्यापारी राहुल खंडेलवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जून की रात वह दुकान बंद कर एक्टिवा से घर लौटते समय नाहरसिंह बाबा मंदिर के पास दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। इसके बाद वे जबरन उन्हें पास के जंगल में ले गए, जहां मारपीट कर उनके पास रखे एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर नाहरसिंह बाबा बस्ती से राहुल बैरागी उर्फ राहुल वैष्णव (28) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने 7-8 साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी मूल रूप से कोटा ग्रामीण जिले के रामगंजमंडी का निवासी है और वहां का चालान शुदा हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, अवैध जुआ और जानलेवा हमले सहित करीब पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके हिस्से में आए 7 हजार 500 रुपये बरामद कर लिए हैं। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी अरुण चौधरी, उपनिरीक्षक कैलाश चंद, हेड कांस्टेबल सोहन सिंह तथा कांस्टेबल कैलाश नेहरा और मोहम्मद शाहिद की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here