जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी प्रवीण कुमार बैरवा (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपी अलवर का रहने वाला है और त्रिवेणी नगर में किराए पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार किशोरी परीक्षा देने के लिए त्रिवेणी नगर स्थित दादाजी के मकान पर आई थी। इसी दौरान नीचे के कमरे में रहने वाले आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर और डराकर गलत काम किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी तथा ब्लैकमेल कर अपने खाते में रुपए भी ट्रांसफर करवाए। घर पहुंचने पर किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी कमरा खाली कर फरार हो गया था।
डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को गंगोत्री नगर, त्रिवेणी नगर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। कार्रवाई थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में की गई।
फार्महाउस में हुक्का पार्टी पर छापा
नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर मुहाना थाना पुलिस ने ग्राम मालपुर टीलावाला स्थित डार्लिंग फार्महाउस पर दबिश देकर हुक्का पार्टी और तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में 16 जनों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से हुक्का, फ्लेवर्ड तंबाकू, साउंड मॉनिटर, मिक्सर मशीन, लैपटॉप, वायरिंग बोर्ड और लाइटें जब्त कीं।
पुलिस के अनुसार फार्महाउस में तेज आवाज में डीजे बजने की सूचना पर कार्रवाई की गई। मौके पर बिना सचित्र वैधानिक चेतावनी के सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद भी मिले। मामले में कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया की टीम ने की।



















