मनीषा ए अग्रवाल के गीत पधारो म्हारे देस ने विदेश में बढ़ाया राजस्थान का मान

0
39
Manisha A. Agarwal's song,
Manisha A. Agarwal's song, "Padharo Mhare Des," has enhanced Rajasthan's prestige abroad.

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया नीदरलैंड यात्रा के दौरान राजस्थान की लोक संस्कृति और संगीत की मधुर गूंज अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुनाई दी। हेग में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका मनीषा ए अग्रवाल का लोकप्रिय गीत “पधारो म्हारे देस” प्रस्तुत किया गया, जिसने वहां मौजूद भारतीय समुदाय और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने की इस पहल की सराहना की। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस प्रस्तुति को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर साझा करते हुए राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

वर्ष 2011 में पहली बार जारी हुए “पधारो म्हारे देस” गीत में भारतीय संगीत जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी कला का योगदान दिया था। इनमें जगजीत सिंह, उस्ताद सुल्तान खान, पंडित विश्व मोहन भट्ट, मनीषा ए अग्रवाल, संगीत निर्देशक रवि पवार, रूपकुमार राठौड़, उस्ताद अहमद हुसैन, उस्ताद मोहम्मद हुसैन, सलील भट्ट, मोहम्मद वकील, गुलाबो, अनवर खान और गाजी खान जैसे कलाकार शामिल रहे हैं।

मनीषा ए अग्रवाल भक्ति और लोक संगीत की प्रतिष्ठित गायिका हैं, जो पारंपरिक और आधुनिक संगीत शैली के समन्वय के लिए जानी जाती हैं। “निम्बूड़ा”, “बन्ना रे”, “मल्हार” और “गिरधारी गिरधारी” जैसे लोकप्रिय गीतों के माध्यम से वे राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिला रही हैं।

इसके साथ ही वे अर्पण फाउंडेशन की पहल ‘अर्पण म्यूजिक लैब’ के जरिए युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर राजस्थान की लोक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

“पधारो म्हारे देस” की यह प्रस्तुति एक बार फिर साबित करती है कि राजस्थान का लोक संगीत अपनी आत्मीयता, भावनात्मक गहराई और सांस्कृतिक समृद्धि के बल पर विश्वभर के लोगों को जोड़ने की क्षमता रखता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here