रिश्तेदारों के तानों से परेशान विवाहिता ने किया आत्महत्या का प्रयास

0
37

जयपुर। जयपुर पुलिस के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में रिश्तेदारों की कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। समय रहते पति के पहुंचने और तत्काल अस्पताल ले जाने से महिला की जान बच गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाली 37 वर्षीय विवाहिता ने पर्चा बयान में बताया कि वह अपने पति और सास के साथ रहती है। उसके घर के पास रहने वाली कुछ रिश्तेदार महिलाएं अक्सर उसकी सास को उसके खिलाफ भड़काती थीं, जिससे घर में लगातार विवाद और तनाव का माहौल बना रहता था।

पीड़िता के अनुसार घरेलू कलह से परेशान होकर उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ ही मिनट बाद उसका पति कमरे में पहुंच गया और पत्नी को फंदे से लटका देख तुरंत नीचे उतार लिया।

इसके बाद वह उसे तुरंत सांगानेरी गेट स्थित दुर्लभजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों के समय पर उपचार से उसकी जान बच गई। मेडिकल सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here