जयपुर। राजधानी जयपुर में निर्मल मन फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से 26 जुलाई 2026 (रविवार) को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
युवा नेता,समाजसेवी एवं निर्मल मन फाउंडेशन ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राहुल सैनी ने बताया कि रक्तदान शिविर शिव शक्ति छात्रावास, गांधीनगर रेलवे स्टेशन, गेट नंबर-2 के पास, जयपुर में आयोजित होगा। शिविर प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। उन्होंने स्वस्थ नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं रक्तदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की।
राहुल सैनी ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए नया जीवन साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है और रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे एक साथ कई लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से “रक्तदान करें, जीवनदान करें” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही लोगों को यह भी जागरूक किया जा रहा है कि “आपका एक यूनिट रक्त, किसी की जिंदगी बचा सकता है।” इस आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को मजबूत करना और अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना है।
राहुल सैनी ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से यह अभियान सफल होगा और कई जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से 26 जुलाई (रविवार) को आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान देने का आह्वान किया।



















