जयपुर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की धौलपुर चौकी ने गुरुवार को ट्रेप कार्रवाई करते हुए राजकीय चिकित्सालय नदबई जिला भरतपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा के लिए 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते दलाल त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू को गिरफ्तार किया। वहीं एसीबी ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा को उनके सरकारी आवास से डिटेन किया है।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार परिवादी ने धौलपुर चौकी में शिकायत दी थी कि उसने नदबई थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया था। प्रकरण में उसके परिजनों को आई चोटों का मेडिकल परीक्षण राजकीय चिकित्सालय नदबई में कराया जाना था। आरोप है कि मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर प्रकृति की मेडिकल रिपोर्ट (हैवी एमएलसी) बनाने की एवज में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा अपने दलाल त्रिलोकचन्द शर्मा के माध्यम से 35 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया। इसमें डॉ. शशिकान्त शर्मा द्वारा अपने दलाल त्रिलोकचन्द शर्मा के माध्यम से 35 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी धौलपुर चौकी के पुलिस उपाधीक्षक प्रेमचन्द मीणा के नेतृत्व में टीम ने ट्रेप कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। रिश्वत की राशि उसकी पेंट की जेब से बरामद हुई। वहीं डॉ. शशिकांत शर्मा को उनके सरकारी आवास से डिटेन किया गया।



















