जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर पांच जून को राजधानी में पर्यावरण बचाने के लिए अनेक आयोजन किए जाएंगे। मुरलीपुरा क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा भावी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 7:45 बजे मुरलीपुरा की संस्कृति चिल्ड्रेन्स एकेडमी में पर्यावरण संरक्षण एवं जीव सेवा को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजन से जुड़े अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण करना, प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। आयोजन के अंतर्गत औषधीय तुलसी के पौधों का वितरण एवं घर-घर पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।
साथ ही पक्षियों के संरक्षण के लिए पक्षीघर, बर्ड फीडर एवं परिंडे वितरित किए जाएंगे, जिससे भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को सुरक्षित आश्रय तथा दाना-पानी उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में वृक्ष कथा, वसुंधरा पूजन एवं गौ पूजन जैसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे।
भारतीय संस्कृति में प्रकृति, वृक्षों और गौ सेवा के महत्व को पौराणिक कथाओं एवं प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से बताया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को परमार्थ बताते हुए जनसामान्य से अधिकाधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा जीवों की सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया जाएगा।
इस अवसर पर गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था एवं सेवा कार्य भी किए जाएंगे। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, पर्यावरण प्रेमी, महिलाएं, युवा एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री बड़ पीपली धाम में शाम छह बजे से महंत प्रमेन्द्रनाथ महाराज के सान्निध्य में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा। धाम के प्रवक्ता विक्रम सिंह रुंडल ने बताया कि इस मौके पर लोगों को तुलसी पौध, पक्षीघर, परिंडा, बर्ड फीडर का वितरण किया जाएगा।
शक्तिपीठ में होगा पर्यावरण शुद्धि हवन:
गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में कल सुबह सात बजे पर्यावरण शुद्धि महायज्ञ होगा। इसमें विशिष्ट हवन सामग्री और समिधा का उपयोग किया जाएगा। चावल के दानों पर लिखा पर्यावरण बचाने का संदेश: चावल पर सूक्ष्म लेखन कलाकार निरू छाबड़ा ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता हो, प्रत्येक प्राणी मात्र का कल्याण हो इस उद्देश्य से पर्यावरण एक चिंतन कृति बनाई है जिस पर चावलों पर लिखा है।



















