ऑपरेशन आग: देशी कट्टा और रिवॉल्वर के साथ शातिर हथियार तस्कर गिरफ्तार

0
36

जयपुर। अवैध हथियारों की रोकथाम और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आग’ के तहत जयपुर पूर्व की जिला विशेष टीम (डीएसटी) और मालवीय नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा .312 बोर और एक रिवॉल्वर बरामद की है। आरोपी गांव से हथियार लाकर जयपुर में ग्राहकों को बेचने की फिराक में था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि संगठित अपराध, गैंगवार और अवैध आग्नेयास्त्रों की धरपकड़ के लिए गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई की है। जहां टीम को मालवीय नगर इलाके में एक युवक के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कार्रवाई कर राजेश उर्फ राज मीणा (21) निवासी पिलौदा जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक देशी कट्टा .312 बोर और एक रिवॉल्वर बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांव से अवैध हथियार लेकर जयपुर आया था और यहां ग्राहकों की तलाश कर रहा था। वह हथियारों को 5 से 10 हजार रुपए में बेचने की योजना बना रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश उर्फ राज मीणा शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व में भी आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस अब उससे हथियारों की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में डीएसटी जयपुर पूर्व टीम के प्रभारी सुखवीर सिंह, हेड कांस्टेबल तुलसीराम, राजेश, देवेंद्र, धर्मेंद्र, विजय सिंह, नीरज, राकेश और चालक जितेंद्र सिंह शामिल रहे। वहीं मालवीय नगर थाना टीम में एएसआई मुकेश, ओमप्रकाश और पुखराज शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल हरूराम, देवेंद्र, पवन और हेमंत की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here