तरमीम और पैमाइश रिपोर्ट के बदले 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी व दलाल गिरफ्तार

0
42

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जैसलमेर में कार्रवाई करते हुए अजासर पटवार हल्का के पटवारी लखवीर यादव और उसके निजी दलाल जेठुसिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी जैसलमेर को शिकायत मिली थी कि परिवादी के पिता के खेत की पुनः तरमीम कर राजस्व रिकॉर्ड में इन्द्राज करने तथा पैमाइश की मौका रिपोर्ट देने के एवज में पटवारी लखवीर यादव अपने साथ काम करने वाले निजी व्यक्ति जेठुसिंह के माध्यम से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था और परिवादी को लगातार परेशान कर रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी जैसलमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत चंद के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपित पटवारी लखवीर यादव तथा उसके दलाल जेठूसिंह को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया गया। ट्रैप के दौरान 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि दलाल जेठू सिंह के कब्जे से बरामद की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here