टोंक/जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक इकाई ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर तहसील के उंचा पटवार हल्का में कार्यरत पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने न्यायालय के निर्णय की पालना में परिवादी के पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री दर्ज (दाखिल) करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी की हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत मिली थी कि आरोपी पटवारी भंवर सिंह न्यायालय के आदेश की पालना करते हुए परिवादी के पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री दर्ज करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है तथा राशि नहीं देने पर परिवादी को परेशान कर रहा है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान 25 जून 2026 को आरोपी ने 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की और राशि लेने पर सहमति जताई। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस (अजमेर रेंज) के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं ट्रैप अधिकारी ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। ट्रैप के दौरान आरोपी पटवारी ने परिवादी को अपनी कार में बैठाया और रिश्वत की राशि कार के डैशबोर्ड बॉक्स में रखवाई। एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बॉक्स से 20 हजार रुपए बरामद कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।



















