जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने डीएसटी टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर गाइडलाइन के विरुध चल रहे स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 9 युवतियों समेंत 11 लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई गोपालपुरा मोड़ स्थित ‘ब्लू स्टार थाई स्पा’ और ‘मुगल थाई स्पा सेंटर’ में की गई। काफी समय से इन सेंटरों में सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद बजाज नगर थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने अचानक मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। जांच के दौरान मौके पर मौजूद दस्तावेजों, व्यवस्थाओं और पंजीयन से जुड़ी शर्तों की जब पड़ताल की गई, तो भारी खामियां देखने को मिलीं।
डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों स्पा सेंटरों में सरकार द्वारा जारी एसओपी और अनिवार्य गाइडलाइन की पूरी तरह से अवहेलना की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान सेंटरों में प्रवेश-निकास रजिस्टर और ग्राहकों के सत्यापन से जुड़े नियमों का पालन नहीं पाया गया। पुलिस का उद्देश्य स्पा सेंटरों की आड़ में पनपने वाले अनैतिक कार्यों और अवैध संचालन पर पूरी तरह से रोक लगाना है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर मौके से 9 युवतियों और 2 युवकों को पकड़कर थाने लाया गया, जिनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने चेतावनी दी है कि शहर में संचालित सभी स्पा सेंटरों की नियमित रूप से रैंडम चेकिंग की जाएगी।
यदि कोई भी स्पा सेंटर संचालक नियमों की अवहेलना करता हुआ या बिना अनुमति के अवैध गतिविधियां संचालित करता पाया गया, तो उसका लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से स्पा सेंटर चलाने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया है।


















