पुलिस का नशे और जुए पर शिकंजा: महिला तस्कर समेत पांच गिरफ्तार

0
35

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अपराध एवं नशा उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 1.24 ग्राम स्मैक और बिक्री राशि के साथ महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। वहीं ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को पकड़कर 11,090 रुपए जब्त किए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार लोगों को निवारक कार्रवाई में गिरफ्तार करने के साथ एक स्थाई वारंट का भी निस्तारण किया गया।

स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार

पुलिस ने सुनीता उर्फ रोशनी (30) पत्नी राकेश, निवासी रोपा पारोली, भीलवाड़ा, हाल किरायेदार चेतक कॉलोनी, गोनेर रोड, खोह नागोरियान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.24 ग्राम स्मैक और बिक्री राशि बरामद हुई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 552/2026 दर्ज किया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक मुकेश कुमार, उप निरीक्षक रेखा चौधरी, कांस्टेबल धीरज, बजरंग लाल, सन्नी कुमार और महिला कांस्टेबल मुनेशी शामिल रहे।

जुआ खेलते चार गिरफ्तार

पुलिस ने ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे मोहित (31), रिजवान (26), आकाश (33) और दीपक (42) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 11,090 रुपए जब्त कर राजस्थान सार्वजनिक द्यूत अधिनियम के तहत प्रकरण संख्या 553/2026 दर्ज किया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक रामफूल, कांस्टेबल मुकेश कुमार, राकेश कुमार, सज्जन सिंह, रामप्रताप और दिवाकर शामिल रहे।

शांति भंग में चार गिरफ्तार

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 170 के तहत सलमान खान (31), विक्की परेवा (26), प्रवीन कुमार (22) और वारिश (28) को निवारक कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। सलमान खोह नागोरियान, विक्की परेवा व प्रवीन कुमार फिरोजपुर झिरका, हरियाणा तथा वारिश नूंह, हरियाणा निवासी है। पुलिस ने एक स्थाई वारंट का भी निस्तारण किया।

सोशल मीडिया पर पुराना वीडियो डालने की रंजिश में युवक का अपहरण कर हत्या करने वाले गिरफ्तार

तूंगा थाना पुलिस और डीएसटी जयपुर पूर्व की संयुक्त टीम ने युवक के अपहरण और हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वर्ष 2022 की मारपीट का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर डालने से नाराज होकर ओमप्रकाश बैरवा का अपहरण किया, उससे रंगदारी मांगी और खतैपुरा स्थित फार्म हाउस में लाठी-डंडों व सरियों से मारपीट की। उपचार के दौरान 22 सितंबर को ओमप्रकाश की मौत हो गई।

डीसीपी पूर्व रंजीता शर्मा के अनुसार 2022 में महादेवपुरा में बनवारी उर्फ मालिस मीणा और राहुल बालोत के साथ हुई मारपीट का वीडियो ओमप्रकाश के पास था। हाल में वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के बाद आरोपी उसे हटाने का दबाव बना रहे थे। वीडियो नहीं हटाने पर रंजिश बढ़ गई और हत्या की साजिश रची गई।

15 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे दनाऊ कलां निवासी ओमप्रकाश खेत के पास था। इसी दौरान सफेद बोलेरो और चार मोटरसाइकिलों पर आए 15-20 बदमाशों ने उसे घेर लिया और रुपयों की मांग की। मना करने पर बंदूक दिखाकर उसे जबरन बोलेरो में डालकर ले गए।

खतैपुरा स्थित फार्म हाउस पर पहले से मौजूद 30-40 लोगों ने लाठी, डंडों और सरियों से उसकी पिटाई की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक लाख रुपए छीन लिए तथा पांच लाख रुपए और देने के लिए मारपीट का वीडियो बनाया। रात करीब नौ बजे गंभीर घायल ओमप्रकाश को घर के पास सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

थानाधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में करण मीणा उर्फ भोलू (21), बनवारी लाल उर्फ मालिस (26), रेवड़ मल मीणा (24), अनुज बैरवा (18) और विमलेश उर्फ रिंकू (19) शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो और एक बाइक जब्त की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here