डाक जीवन बीमा से मिला परिवार को संबल: जयपुर में 33 लाख रुपए का मृत्यु दावा भुगतान

0
57

जयपुर। भारतीय डाक विभाग की लोकप्रिय डाक जीवन बीमा (पीएलआई) योजना ने एक बार फिर जरूरत के समय परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। जयपुर नगर मंडल द्वारा शुक्रवार को डाक जीवन बीमा के तहत पॉलिसी धारक स्वर्गीय गौरव कुमार शर्मा की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनकी पत्नी एवं नॉमिनी श्रीमती दीपिका हारीत को दो बीमा पॉलिसियों के कुल 33 लाख 14 हजार 648 रुपए के मृत्यु दावा भुगतान का चेक सौंपा गया।

जयपुर जीपीओ स्थित पीएलआई शाखा में आयोजित कार्यक्रम में प्रवर अधीक्षक डाकघर जयपुर नगर मंडल मोहन सिंह मीना ने नॉमिनी को चेक प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि मृतक गौरव कुमार शर्मा अध्यापक पद पर कार्यरत थे और मार्च 2026 में हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। उन्होंने बताया कि मृतक द्वारा इन पॉलिसियों में करीब 6 लाख रुपए की राशि जमा कराई गई थी और पॉलिसियां लगभग 10 से 11 वर्ष तक संचालित रहीं।

उन्होंने कहा कि नॉमिनी द्वारा मृत्यु दावा प्रस्तुत करने के कुछ ही दिनों के भीतर भारतीय डाक विभाग ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं त्वरित रूप से पूरी करते हुए 33.14 लाख रुपए का भुगतान जारी कर दिया। इसी क्रम में एक अन्य मृत्यु दावा प्रकरण में नॉमिनी श्रीमती गुणेश्वरी देवी को 14 लाख 86 हजार रुपए का चेक भी प्रदान किया गया।

प्रवर अधीक्षक मोहन सिंह मीना ने बताया कि डाक विभाग की डाक जीवन बीमा योजना सरकारी, अर्धसरकारी कर्मचारियों, स्नातक एवं डिप्लोमा धारकों सहित आमजन के लिए लाभदायक और विश्वसनीय योजना है। इस योजना में कम प्रीमियम पर अधिक बोनस के साथ जीवन सुरक्षा का लाभ मिलता है तथा दस्तावेजी औपचारिकताएं भी बेहद सरल हैं।

उन्होंने लोगों से इस योजना से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस कार्यक्रम में प्रवर डाकपाल जयपुर जीपीओ मनोहर लाल पीपलीवाल, उप अधीक्षक हर्ष शर्मा सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और लाभार्थियों के परिजन उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here