जयपुर। वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में एक दिन का विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए गए अभियान में 2 हजार 961 पुलिस टीमों के 12 हजार 151 अधिकारियों और जवानों ने 17,049 चिह्नित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई में कुल 7 हजार 744 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि इस अभियान में 55 इनामी अपराधी तथा 354 हार्डकोर अपराधी, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और मादक पदार्थ तस्कर पकड़े गए। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित 95 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के मामलों में 141 और आबकारी अधिनियम के तहत 173 आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने 922 स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी और बीएनएसएस की धारा 335 के तहत वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। फायरिंग और हथियार संबंधी मामलों में चालान किए गए 164 सक्रिय अपराधियों को भी दबोचा गया। अभियान में 787 नए प्रकरण दर्ज किए गए। सामान्य मामलों में 677 वांछितों को पकड़ा गया, जबकि बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में 3,283 और अन्य मामलों में 1,756 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
टोंक में सबसे अधिक गिरफ्तारियां
जिलेवार कार्रवाई में टोंक में 97 टीमों ने 363 स्थानों पर दबिश देकर सर्वाधिक 407 अपराधियों को गिरफ्तार किया। उदयपुर में 115 टीमों ने 932 ठिकानों पर कार्रवाई कर 354, भीलवाड़ा में 133 टीमों ने 305 स्थानों पर दबिश देकर 330 और अजमेर में 122 टीमों ने 598 ठिकानों पर कार्रवाई कर 280 आरोपियों को पकड़ा। डीग में 291, धौलपुर में 246, हनुमानगढ़ में 241, चूरू में 233, पाली में 226, अलवर में 207, बीकानेर में 204 तथा झालावाड़ में 194 गिरफ्तारियां हुईं। झालावाड़ में 70 हार्डकोर व हिस्ट्रीशीटर पकड़े गए।
जयपुर में भी व्यापक कार्रवाई
जयपुर पुलिस आयुक्तालय और ग्रामीण क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर कार्रवाई हुई। जयपुर पश्चिम की 51 टीमों ने 332 ठिकानों पर दबिश देकर 27 हार्डकोर और 30 स्थायी वारंटियों सहित 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जयपुर उत्तर की 41 टीमों ने 196 स्थानों पर कार्रवाई कर 178, जयपुर पूर्व की 60 टीमों ने 354 स्थानों पर दबिश देकर 173 तथा जयपुर दक्षिण की 48 टीमों ने 299 ठिकानों पर कार्रवाई कर 142 अपराधियों को पकड़ा। जयपुर ग्रामीण की 61 टीमों ने 430 स्थानों पर दबिश देकर 101 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जोधपुर संभाग में भी धरपकड़
जोधपुर पूर्व की 48 टीमों ने 426 ठिकानों पर कार्रवाई कर 10 हार्डकोर और 58 स्थायी वारंटियों सहित 178 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जोधपुर पश्चिम में 40 और जोधपुर ग्रामीण में 67 आरोपी पकड़े गए। ग्रामीण पुलिस ने 216 स्थानों पर दबिश देकर 11 इनामी और 23 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। जीआरपी अजमेर ने 18 और जीआरपी जोधपुर ने 40 असामाजिक तत्वों को पकड़ा।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि आमजन में विश्वास और अपराधियों में कानून का भय कायम करने के लिए इस तरह की व्यापक पुलिस कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।


















