जयपुर। चैतन्य महाप्रभु (श्री गौरांग महाप्रभु) का 540 वां जन्मोत्सव शहर में भक्ति भाव और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैष्णव भक्तों के घरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और बधाई गान के आयोजन हुए। इसी कड़ी में बनीपार्क स्थित शिव मार्ग में गौरांग महाप्रभु का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
फूल बंगला झांकी ने मोहा मन
आयोजक श्याम बाबू पारीक और बसंत पारीक ने बताया कि इस पावन अवसर पर श्री राधा-गोविंद देव जी एवं गौरांग महाप्रभु की छवि को विशेष रूप से सुसज्जित किया गया। ठाकुर जी के लिए आकर्षक ‘फूल बंगला झांकी’ सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ठाकुर जी को शीतलता प्रदान करने वाले व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
महंत के सानिध्य में हुई पूजा-अर्चना
जन्मोत्सव का शुभारंभ श्री गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में ठाकुर जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। बधाई गान के दौरान भक्तों ने हर्षोल्लास के साथ सूखे मेवे, टॉफी, खिलौने और कपड़ों की जमकर वर्षा की। इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय भजनों से गूंज उठा।
सामूहिक महाआरती और प्रसादी
बधाई गान के पश्चात भक्तों ने सामूहिक रूप से भगवान की महाआरती की। ठाकुर जी को महाभोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए पंगत प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वैष्णव भक्तों ने भाग लिया। आयोजन स्थल को रंग-बिरंगे गुब्बारों और बंदरवारों से भव्य रूप में सजाया गया था।



















