जयपुर। छोटी चौपड़ स्थित ठिकाना मंदिर श्री सीताराम जी में श्री जानकी नवमी भक्तिभाव से मनाई जाएगा । मंदिर महंत नंदकिशोर महाराज के सानिध्य में मंदिर प्रांगण में कई धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। श्री जानकी नवमी महोत्सव पर मंदिर प्रांगण को भगवा पताकाओं और रंग -बिरंगे फूलों एवं गुब्बारों से अलौकिक तरीके से सजाया जाएगा। पूरे वर्ष में एक बार होने वाले श्री माता जानकी के चरर्णां के दर्शनों के लिए मंदिर प्रांगण में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
मंदिर महंत नंदकिशोर महाराज ने बताया कि मंगलवार को श्री जानकी नवमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 299 पर्ष पुरानी परंपरा के अनुसार साल में एक बार श्री राम जानकी नवमी पर माता जानकी जी के श्री चरणों के दर्शन कराएं जाते है। इस पर मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। माता जानकी के दर्शनों के लिए श्रद्धालु अल सुबह से ही मंदिर प्रांगण में डेरा डाल लेते है। मंगलवार को प्रात साढ़े 5 बजे मंगला आरती की जाएगी। जिसके पश्चात प्रात 8 बजे श्रृंगार आरती और प्रात सवा 11 बजे जानकी माता का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।
दोपहर 2 बजे जन्म आरती और साय 7 बजे महा आरती का आयोजन होगा। इस शुभ अवसर पर मंदिर प्रांगण में माता जानकी जी की बाल स्वरुप पालना झांकी सजाई जाएंगी, वहीं 21 हवाई गर्जनाओं के बीच 2 बजे जन्म आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रातः 8 बजे मंदिर प्रांगण में सरस प्रभात मंडल के सानिध्य में बधाई उत्सव का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे दीपोत्सव एवं महाआरती का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यहा भी होगा श्री राम जानकी नवमी पर विशेष आयोजन
चांदपोल स्थित ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में भी मंगलवार को श्री राम जानकी नवमी महोत्सव भक्तिभाव से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में स्थित श्री राम दरबार को 21 हजार चौगुनी के लड्डू का भोग लगाया जाएगा। बताया जा रहा है कि मंदिर स्थापना के समय से ही वैशाख शुक्ल नवमी के दिन यह उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। मंदिर महंत नरेंद्र तिवारी ने इस महोत्सव को भव्य बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की है।
महंत नरेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रात 11 बजे श्री ठाकुरजी का मंत्र उच्चारण व विधि विधान के साथ पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। पंचामृत में दुध, घृत, बुरा, शहद, दही, इत्र, गुलाब, मोगरा, खस, केसर,चंदन,फल,आदि से मिश्रित सुगंधित जल मेवे मिलाया हुआ दूध आदि से ठाकुरजी का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद रजवाड़े समय कालीन आभूषण श्रंगार,राजसी जामे आदि से श्रृंगार होगा। दोपहर 2 बजे जन्म आरती, इसके बाद पंजीरी पंचामृत वितरण किया जाएगा। शाम 7 बजे 51 हवाई तोपों की सलामी से संध्या आरती होगी ।
श्री रामदरबार को शीतल भोग जिसमें ठंडे ऋतु फल – आम,तरबूज,खरबूजा,फालसा,अनार, बील शिकंजी ,आम कलाकंद रसगुल्ला मेवे के पाक आदि का भोग लगाया जाएगा। बताया जा रहा है कि पूरे वर्ष में एक ही बार श्री राम जानकी माता के चरणों के दर्शन भक्तों को कराए जाते है। संध्या आरती में माता जानकी के चरणों के दर्शन कराए जाएंगे। माता जानकी के दर्शनों के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं का मंदिर प्रंगाण में भक्तों में उपस्थित होंगे। मंदिर परिवार के सानिध्य में रात्रि को बधाई गान का आयोजन होगा।