गोनेर में श्री लक्ष्मी जगदीश जी का जलझूलनी एकादशी मेला 22 सितंबर को

0
35
Shri Lakshmi Jagdish Ji's Jaljhulni Ekadashi Fair in Goner on September 22.
Shri Lakshmi Jagdish Ji's Jaljhulni Ekadashi Fair in Goner on September 22.

जयपुर। गोनेर स्थित श्री लक्ष्मी जगदीश मंदिर में भाद्रपद शुक्ल जलझूलनी एकादशी का वार्षिक मेला 22 सितंबर को भरेगा। श्री लक्ष्मी जगदीश महाराज को शाम 4 बजे पालकी में विराजमान कर बैंड-बाजे के साथ जगन्नाथ सरोवर ले जाया जाएगा। यहां भगवान को नौका में विराजमान कर करीब दो घंटे तक जल विहार कराया जाएगा।

जल विहार यात्रा के दौरान करीब 30 झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। जल विहार यात्रा देखने के लिए जयपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र सहित आसपास के गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु गोनेर पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं के लिए सुबह 5 बजे से रात्रि शोभायात्रा के समापन तक दर्शन की व्यवस्था रहेगी। मनौती पूर्ण होने पर भक्त भगवान को थाल-सवामणी का भोग भी अर्पित करेंगे।

शोभायात्रा में विभिन्न स्वरूपों की करीब 30 झांकियों के साथ सजे-धजे घोड़े, बैंड-बाजे और बलवंत व्यायामशाला के स्वयंसेवकों के करतब आकर्षण का केन्द्र होंगे।

वापसी में होगा पुष्प वर्षा से स्वागत

जल विहार के बाद भगवान की पालकी मंदिर की ओर लौटेगी। रास्ते में श्रद्धालु और ग्रामीण जगह-जगह आरती उतारेंगे। पालकी के नीचे से निकलने की परंपरा में भी श्रद्धालु भाग लेंगे। मेले में जयपुर के अलावा दौसा, उदयपुर, अजमेर, सुजानगढ़, कुचामन सिटी, बांदीकुई, चाकसू, लालसोट, जमवारामगढ़, बस्सी, फागी, चौमूं, बगरू सहित मध्यप्रदेश के इंदौर, रतलाम, खलघाट और अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

लबालब भरा है जगन्नाथ सरोवर

इस वर्ष जगन्नाथ सरोवर में पर्याप्त भराव होने के कारण जल विहार का आयोजन विशेष रूप से किया जाएगा। मेले में दर्शनार्थियों की सुरक्षा, रास्तों की साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए संबंधित विभागों का सहयोग लिया गया है। नगर निगम, जलदाय विभाग और विद्युत विभाग से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मेले में सहयोग करने वाली संस्थाओं, स्वयंसेवकों तथा एनसीसी-एनएसएस कैडेटों के लिए जलपान और शाम को भक्तों के लिए प्रसादी की व्यवस्था मंदिर की ओर से की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here