दो साल से फरार तीन ड्रग्स तस्कर एएनटीएफ पकड़े

0
37
ANTF nabs three drug smugglers absconding for two years.
ANTF nabs three drug smugglers absconding for two years.

जयपुर। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तेलंगाना पुलिस के एनडीपीएस मामलों में पिछले दो साल से फरार चल रहे तीन वांछित तस्करों को जालौर और पाली से दस्तयाब किया है। करीब 1400 किलोमीटर की दूरी तय कर जयपुर पहुंची तेलंगाना पुलिस की टीम को तीनों आरोपियों को सुपुर्द कर दिया गया।

एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि तेलंगाना पुलिस और एएनटीएफ के बीच समन्वय के बाद राजस्थान मूल के तीन फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आईजी ने पांच दिन में कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन टीमों ने तीन दिन में ही तीनों को पकड़ लिया।

पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि भीनमाल निवासी जयकिशन (28) को उसके घर से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार 12वीं के बाद मजदूरी के दौरान उसे स्मैक की लत लगी और बाद में नशे का खर्च निकालने के लिए तस्करी शुरू कर दी।

वह पूनासा गांव से स्मैक खरीदकर स्थानीय स्तर पर बेचता था। इसके अलावा भीनमाल से चलने वाली निजी बसों के जरिए मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद तक स्मैक की खेप भेजने का आरोप है।

इसके बाद झाब जिला जालौर निवासी दिनेश (35) तेलंगाना पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में बरामद अवैध अफीम के मामले में मुख्य सप्लायर के रूप में नामजद था। एएनटीएफ टीम ने उसे देवड़ा स्थित खेत के पास से दस्तयाब किया।

वहीं पाली के सिरियारी निवासी सुरेश (28) को गांव मेलाप स्थित घर के पास से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार अगस्त 2024 में हेरोइन की सप्लाई और मार्केटिंग के सिलसिले में उसे हैदराबाद बुलाया गया था। मामले में नाम सामने आने के बाद से वह फरार चल रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here