
जयपुर। पवित्र पुरुषोत्तम अधिकमास में छोटीकाशी में बड़ी संख्या में कथा-संकीर्तन-परिक्रमा के आयोजन होंगे। आराध्य देव गोविंद देव जी मंदिर स्थित सत्संग भवन में 1008 आसनों पर अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 30 मई को प्रात: 8 बजे से 31 मई को प्रात: 11 बजे तक निरंतर 24 घंटे चलेगा।
त्रिवेणीधाम की परंपरा के अनुसार प्रत्येक अधिक मास में इस प्रकार का अखंड पाठ आयोजित किया जाता रहा है। इसी परंपरा के अंतर्गत इस वर्ष भी त्रिवेणीधाम सेवा समिति एवं विभिन्न सत्संग मंडलों के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन से जुड़े चंद्रमहेश झालानी ने बताया कि 1008 आसनों पर श्रद्धालु सामूहिक रूप से पाठ में भाग लेंगे। आसन की बुकिंग पूर्णत: नि:शुल्क है तथा प्रथम आओ, प्रथम पाओ के आधार पर की जा रही है। इच्छुक श्रद्धालु अपने आसन सत्संग मंडलों अथवा आयोजन स्थल पर गोविंद देव जी मंदिर के प्रवेश द्वार के पास प्रात: झांकियों के समय बुक कर सकते हैं। कार्यक्रम की तैयारियों में त्रिवेणीधाम सेवा समिति के राम अवतार अग्रवाल, सत्यनारायण घीया, सुरेश ठाकुरिया, मोहनलाल शर्मा, ओमप्रकाश डंगायच, शंभू दयाल शर्मा, सत्यप्रकाश रावत एवं भानु प्रकाश शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
मिलेगा संतों का सान्निध्य:
यह आयोजन संतों एवं महंतों के सानिध्य में सम्पन्न होगा। खोजीजी द्वाराचार्य महंत रामरिछपालदासजी महाराज (त्रिवेणीधाम), ब्रह्मपीठाधीश्वर महंत रामरतनदासजी महाराज (डाकोर धाम) गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन कुमारजी गोस्वामी का सानिध्य रहेगा। व्यासपीठ पर श्रीरामजी महाराज (मिथलावासी) विराजमान रहेंगे।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले भक्तों को श्रीरामायणजी की पुस्तक स्वयं लानी होगी। आयोजन पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा। इस कार्यक्रम में श्री त्रिवेणीधाम सत्संग मण्डल, जयपुर, श्री गुरूकृपा सत्संग मण्डल, विद्याधर नगर, श्री नारायण सत्संग मण्डल, शास्त्रीनगर, श्री बजरंग सत्संग मण्डल, मालवीय नगर, श्री शिव सत्संग मण्डल, रामनिवास बाग, श्री राम सत्संग मण्डल, मुरलीपुरा, श्री रामानन्द सत्संग मण्डल, ढहर का बालाजी तथा श्री त्रिवेणीधाम सत्संग मण्डल, शाहपुरा सहित विभिन्न मंडलों का सहयोग रहेगा।


















