जयपुर। राजधानी जयपुर में सिंधी समाज का सामूहिक विवाह आगामी 23 सितंबर को आयोजित होने जा रहा है। यह भव्य आयोजन भगवान झूलेलाल सेवा समिति’ के तत्वावधान में सिंधी समाज के अबूझ सावे वामन जयंती के पावन अवसर पर मानसरोवर स्थित अग्रवाल फार्म के ‘लायंस पैराडाइज़’ में संपन्न होगा।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका शोभा बसंतानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सामूहिक विवाह महोत्सव में कुल 11 जोड़ों का विवाह पूरी तरह से सनातन पद्धति और पारंपरिक सिंधी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। विवाह के इच्छुक जोड़ों के लिए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
समिति के अध्यक्ष गिरधारी संभनानी और महासचिव लाल चंद खानवानी ने संयुक्त रूप से बताया कि इस भव्य कार्यक्रम को सुचारू और सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके तहत नारायण दास नज़वानी को मुख्य समन्वयक नियुक्त किया गया है। तुलसी संगतानी को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।गोरधन आसनानी और प्रमोद नावाणी को कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया है।
समिति के प्रवक्ता मूलचंद बसंतानी ने बताया कि समाज के इस पावन और ऐतिहासिक कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवान झूलेलाल के वंशज पूज्य दादा सुंदर ठकुर करेंगे, जिनका सानिध्य और आशीर्वाद सभी नवदंपतियों को प्राप्त होगा। विवाह महोत्सव को लेकर समाज के लोगों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



















