जयपुर। गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने और देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर आगामी 27 जुलाई को देशव्यापी ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत देश के सभी जिला मुख्यालयों पर गौ भक्त एकजुट होकर जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं, राजधानी जयपुर में हजारों की संख्या में गौ भक्त एकत्र होकर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का सामूहिक संकल्प लेंगे।
अभियान के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर रविवार को वैशाली नगर स्थित भारतीय गौ क्रांति मंच के प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 27 जुलाई के आयोजन, जनसंपर्क और हस्ताक्षर अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम को एक व्यापक जन आंदोलन बनाने के लिए संत-महात्माओं, धार्मिक-सामाजिक संगठनों, गौशाला संचालकों और युवाओं को इससे जोड़ने का निर्णय लिया गया है। बैठक में उपस्थित सभी गौ भक्तों ने मांग पूरी होने तक अभियान को निरंतर गति देने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर गौ ऋषि प्रकाश दास महाराज ने कहा कि गौ माता केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय कृषि, पर्यावरण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। केंद्र सरकार गौ माता को राष्ट्र माता और राजस्थान सरकार राज्य माता का दर्जा दे, साथ ही देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए।
इस बैठक के दौरान गौ ऋषि प्रकाश दास महाराज, गौ क्रांति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ताराचंद कोठारी, महाराज पवन दास, गौ सेवक सुगंजी शर्मा, आशीष मीणा, विनोद यादव, सांगानेर तहसील प्रभारी भानु गौतम, अनीता शर्मा और सुजाता शर्मा सहित कई गणमान्य गौ सेवक उपस्थित रहे।
भारतीय गौ क्रांति मंच के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद कोठारी ने बताया कि 27 जुलाई को जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मैदान में हजारों गौ भक्तों का महासंगम होगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य
नीति निर्माताओं को सद्बुद्धि मिले और गौ संरक्षण के पक्ष में ठोस निर्णय हों, इस उद्देश्य से वातावरण को गौमय बनाते हुए गौ महायज्ञ में सामूहिक आहुतियां दी जाएंगी। देशी नस्ल के गौवंश के महत्व, वैज्ञानिक उपयोगिता और ग्रामीण जीवन में उनके योगदान को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे आधुनिक नवाचारों को साझा करेंगे।
कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं को गाय के दूध, छाछ, दही, लस्सी और मक्खन का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
अभियान के तहत जयपुर के आराध्य ठाकुर श्री गोविंद देवजी मंदिर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को श्रद्धालुओं का भारी समर्थन मिला। मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर इस मुहिम से जुड़ने का संकल्प लिया। मंच के कार्यकर्ताओं ने आमजन से 27 जुलाई के इस देशव्यापी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।



















