जयपुर। राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
हालांकि महासंघ और भारतीय मजदूर संघ ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का कोई निर्णय नहीं है। संगठन केंद्रों के नियमित एवं सुचारू संचालन के पक्ष में है और सेवाएं प्रभावित किए बिना कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग कर रहा है।
बैठक की अध्यक्षता महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष कमला डामोर ने की। मंच पर अखिल भारतीय प्रभारी सरिता, भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री एवं राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ की प्रभारी अंजलि, भोलानाथ आचार्य, जयपुर जिला अध्यक्ष महेंद्र गुर्जर तथा प्रदेश महामंत्री पूजा चौधरी मौजूद रहे।
अखिल भारतीय प्रभारी अंजलि ने कहा कि न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आईसीडीएस के अलावा अन्य विभागों के कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि इसके लिए कोई अतिरिक्त पारिश्रमिक नहीं दिया जाता। उन्होंने सरकार से न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने, वर्ष 2025-26 के बजट में घोषित ग्रेच्युटी की एकमुश्त राशि के आदेश जारी करने, उड़ान योजना के तहत सेनेटरी नैपकिन वितरण व्यवस्था को सरल बनाने, 5 एवं 10 वर्ष की सेवा पर मिलने वाले इंक्रीमेंट को पुनः लागू करने तथा चुनाव ड्यूटी के बदले नियमानुसार पारिश्रमिक देने अथवा चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सवाई माधोपुर से कीर्ति सुवालका सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो राज्यभर में आंदोलन की रूपरेखा घोषित की जाएगी। बैठक की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भारतीय मजदूर संघ की जयपुर जिला इकाई ने संभाली। जिला मंत्री महेंद्र सैनी, उपाध्यक्ष रमेश तथा मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।



















