आरपीएससी सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा:  जयपुर में मेटल डिटेक्टर जांच के बाद मिला प्रवेश

0
39
RPSC Senior Teacher Recruitment Exam
RPSC Senior Teacher Recruitment Exam

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से माध्यमिक शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अध्यापक (सीनियर टीचर) भर्ती परीक्षा-2026 का आगाज रविवार को जयपुर सहित प्रदेशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। जयपुर जिले में पहले दिन सामान्य ज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय की दोनों पारियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। परीक्षा के निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए तथा पूरे दिन परीक्षा केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की।

जयपुर जिले में दोनों पारियों के लिए 62 हजार 892 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सुबह आयोजित सामान्य ज्ञान परीक्षा में 35 हजार 774 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 27 हजार 118 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति 56.88 प्रतिशत रही। वहीं दोपहर में आयोजित सामाजिक विज्ञान परीक्षा में 35,277 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 27,615 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 56.09 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। अभ्यर्थियों को मेटल डिटेक्टर से जांच, पहचान सत्यापन और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। जांच प्रक्रिया में समय लगने के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। सुबह नौ बजे से पहले ही अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गई थीं।

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) एवं जिला समन्वयक अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक चंद्र शर्मा सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला प्रशासन की ओर से गठित निगरानी दलों ने पूरे दिन परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखी। जिला प्रशासन के अनुसार पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

पहली पारी में सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान का पेपर हुआ। परीक्षा देकर बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत कठिन बताया। उनका कहना था कि प्रश्न गहराई से पूछे गए और विशेष रूप से रीजनिंग तथा मनोविज्ञान से जुड़े सवाल चुनौतीपूर्ण रहे।

अभ्यर्थी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पेपर कठिन था, लेकिन नियमित अध्ययन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए हल करना संभव था। उन्होंने कहा कि मनोविज्ञान के कुछ प्रश्न काफी कठिन थे, हालांकि परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक रहीं तथा किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

अभ्यर्थी शिशुपाल जांगिड़ ने बताया कि प्रश्न सिलेबस के अनुरूप थे, लेकिन उन्हें सीधे पूछने के बजाय घुमाकर पूछा गया, जिससे पेपर चुनौतीपूर्ण बन गया। वहीं नागौर के जायल निवासी अभ्यर्थी गोविंद ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताते हुए कहा कि आरपीएससी ने गुणवत्तापूर्ण पेपर तैयार किया है तथा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं भी बेहतर थीं।

प्रदेश स्तर पर पहले दिन सामान्य ज्ञान परीक्षा में 3,60,268 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,26,851 उपस्थित रहे और उपस्थिति 62.97 प्रतिशत दर्ज की गई। दूसरी पारी में सामाजिक विज्ञान परीक्षा में 2,23,655 अभ्यर्थी शामिल हुए तथा उपस्थिति 62.08 प्रतिशत रही। भर्ती परीक्षा 18 जुलाई तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here