जयपुर। दिल्ली रोड पर चुंगी सर्किल स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार एक्टिवा आगे चल रहे कचरा संग्रहण हूपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक्टिवा सवार पिता और पांच वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ।
एमडी रोड निवासी इरफान कुरैशी (36) अपनी पत्नी सीमा बानो और पांच वर्षीय बेटे अजान के साथ एक्टिवा से मानबाग, जयसिंहपुरा खोर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान चुंगी सर्किल के पास उनकी एक्टिवा आगे चल रहे कचरा संग्रहण हूपर में जा घुसी। टक्कर में इरफान और अजान के सिर में गंभीर चोट लगी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सीमा बानो बेहोश हो गईं। उन्हें उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल में होश आने के बाद वह लगातार अपने पति और बेटे की कुशलक्षेम पूछती रहीं। उन्हें पति और बेटे की मौत की जानकारी नहीं थी।
एसआई हरिओम ने बताया कि इरफान अपने परिवार के साथ मानबाग में रहता था और एमडी रोड स्थित पैतृक निवास से परिवार के साथ घर लौट रहा था। वह मीट बेचने का काम करता था। परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। अजान उसका सबसे छोटा बेटा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद कचरा संग्रहण हूपर का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हूपर से संबंधित दस्तावेज और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों वाहन जयपुर की ओर से आ रहे थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार हूपर चालक की तलाश में जुटी है। मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



















