जयपुर एडीएम कार्यालय का निजी सहायक एक लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
45

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर पूर्व) कार्यालय में तैनात निजी सहायक (पीए) मुकेश चौधरी को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित निजी सहायक मुकेश चौधरी को जयपुर कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम पूर्व कार्यालय से ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया। मामले में एसीबी यह भी जांच कर रही है कि रिश्वतखोरी के इस खेल में आरोपी अकेला शामिल था या इसके पीछे कोई और भी है।

एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी की फर्म ने हाल ही में आयोजित फॉरेस्टर और द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षाओं के दौरान लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराया था। इसके तहत करीब 80 से 100 वाहनों से ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा वापस एडीएम कार्यालय लाने का कार्य किया गया था। इस कार्य के करीब 16 से 17 लाख रुपए के बिलों का भुगतान लंबित था।

जांच में सामने आया कि एडीएम पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा के कार्यालय में कार्यरत पीए मुकेश चौधरी ने बिल पास कराने की एवज में डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद में एक लाख रुपए देने पर सहमति बनी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया और बुधवार दोपहर करीब दो बजे ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को परिवादी से एक लाख रुपए की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील सिहाग ने बताया कि आरोपी ने बिल राशि का करीब 10 प्रतिशत कमीशन मांगा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर लैपटॉप खरीदने के लिए रिश्वत की राशि मांग रहा था। हालांकि एसीबी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह जांच कर रही है कि रिश्वत की मांग केवल पीए ने की थी या इसमें अन्य अधिकारियों अथवा कर्मचारियों की भी भूमिका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here