दस किलो डोडा पोस्त तस्करी का मुख्य आरोपी एक साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा

0
42

जयपुर। कोटखावदा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए करीब एक वर्ष से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2025 में चाकसू बाईपास पर पकड़ी गई 1016 किलोग्राम डोडा पोस्त की खेप का मुख्य तस्कर बताया जा रहा है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 20 जून 2025 को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की सूचना पर चाकसू थाना पुलिस ने चाकसू बाईपास पर एक संदिग्ध कंटेनर को रुकवाने का प्रयास किया था। पुलिस को देखकर चालक वाहन को लावारिस छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर कंटेनर से 50 कट्टों में भरा कुल 1016 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इस संबंध में चाकसू थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस आयुक्त भवानी सिंह के सुपरविजन में कोटखावदा थाना अधिकारी भरतलाल महर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने टोल प्लाजा मेहंदवास के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर कंटेनर के मालिक की पहचान कपिल देव टांडी निवासी हिंगोनिया, तहसील जायल, जिला नागौर के रूप में की।

आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वहीं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चाकसू क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी कपिल देव टांडी (31) निवासी जायल, जिला नागौर को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह डोडा पोस्त की खेप गारोठ (मध्य प्रदेश) से लेकर आया था और उसे राजस्थान में सप्लाई करने जा रहा था।पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लायरों और खरीदारों की तलाश में जुटी है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी भरत लाल महर, हेड कांस्टेबल रामसिंह, लोकेश कुमार, कांस्टेबल सुरेश कुमार, भगवान सहाय, राजेंद्र कुमार तथा चालक गोविंद नारायण की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here